पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदू अधिकारी ने राज्य भर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ ताबड़तोड़ बुलडोजर कार्रवाई शुरू की है। आसनसोल के बंगुड़ में बुलडोजर चला और अतिक्रमण हटाया गया, जिससे टीएमसी के अवैध कब्जों की हकीकत सामने आई। आरोप है कि टीएमसी ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके अपने दफ्तर बना लिए थे।
कोलकाता में भी कसबा, बेलेघाटा और तिलजला में अवैध इमारतों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। नगर निगम और पुलिस की टीम इस दौरान मौजूद रही। मंत्री अग्नि मित्रा पॉल ने भी घटनास्थल का दौरा किया। बीबी चटर्जी स्ट्रीट में अवैध इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।
इसी बीच बकरीद से पहले शुभेंदू सरकार ने नए फरमान जारी किए हैं जिन्हें लेकर पूरे बंगाल में बवाल मच गया है। गाय की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि अन्य जानवरों की कुर्बानी के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
सार्वजनिक स्थलों पर पशुवध पर पाबंदी लगाई गई है और सड़क पर नमाज पर भी रोक लगा दी गई है। इन फैसलों को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने कोर्ट जाने की तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कालीघाट में टीएमसी पार्षदों के साथ अहम बैठक की।
सिर्फ बंगाल ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी बकरीद से पहले घमासान का माहौल है। औरंगाबाद में पशु तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन हुआ है जहां बड़ी संख्या में गायों के साथ तस्कर पकड़े गए हैं। शुभेंदू सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि जो नियम से चलेगा उसका विकास होगा और जो नियम तोड़ेगा उसका पूरा हिसाब होगा।
