world | NDTV India |
पुणे के पिंपरी चिंचवाड में जहरीली शराब कांड ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। अवैध शराब में मिथेनॉल मिलाकर बेची जा रही थी। मास्टरमाइंड योगेश वानखेड़े समेत 8 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। करीब एक हजार पेटी अवैध शराब जब्त की गई।
पुणे के पिंपरी चिंचवाड में जहरीली शराब कांड ने कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी है। अवैध शराब में जहरीला केमिकल मिथेनॉल मिलाकर बेचा जा रहा था, जिसके सेवन से कई लोगों की मौत हो गई और अनेक लोग अभी भी अस्पताल में इलाज ले रहे हैं।
पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा कसा है। मास्टरमाइंड योगेश वानखेड़े समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वानखेड़े पर अवैध और जहरीली शराब की सप्लाई करने का आरोप है। पुणे पुलिस ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की है और करीब एक हजार पेटी अवैध शराब जब्त की गई है।
फुगेवाड़ी में करनल विरका सिंग नामक व्यक्ति यह शराब बेच रहा था। स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस ठिकाने से पिछले पचास वर्षों से अवैध शराब का धंधा चल रहा था। यह शराब पीकर जाने वाले लोगों में से कई की मौत हो गई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कहा है कि इस पूरे नेटवर्क को खत्म किया जाएगा। इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। एनसीपी शरद पवार गुट के कार्यकर्ताओं ने अवैध शराब के खिलाफ प्रदर्शन किया और एक शराब की दुकान पर धावा बोलकर तोड़फोड़ की।
मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई शराब पीने वाले लोग अभी भी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं। पुणे और पिंपरी चिंचवाड पुलिस द्वारा इस मामले की आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई चल रही है, एनडीटीवी इंडिया ने बताया।